home page

खानापाड़ा में मुख्यमंत्री फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी

 | 
खानापाड़ा में मुख्यमंत्री फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी


गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर असम में राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटरिनरी कॉलेज खेल मैदान में शनिवार को होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। असम पुलिस के जवानों ने आज अभ्यास परेड का प्रदर्शन किया। राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा तथा पुलिस महानिदेशक हरदीप सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया।

समारोह को लेकर खानापाड़ा खेल मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए प्रशासन तथा पुलिस की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड मुख्य आकर्षण रहेगी। पुलिस जवानों के साथ एनसीसी कैडेट भी लगातार परेड का अभ्यास कर रहे हैं। समारोह स्थल पर मंच, परेड क्षेत्र और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुवाहाटी में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री की अगुवाई में ज्योति विष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर से खानापाड़ा खेल मैदान तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

राज्यभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह है और शनिवार को होने वाले समारोह के साथ असम में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश