बाढ़ प्रभावित चार जिलों के स्कूलों को आज वित्तीय सहायता देंगे मुख्यमंत्री, ‘निजुत मोइना’ और ‘निजुत बाबू’ योजनाओं के आवेदन पत्र करेंगे जारी
गुवाहाटी, 06 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा गुरुवार को बाढ़ प्रभावित चार जिलों के विद्यालयों को वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे। इस अवसर पर वे ‘निजुत मोइना’ और ‘निजुत बाबू’ योजनाओं के आवेदन पत्रों का भी औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री ने आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ‘निजुत मोइना’ योजना के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को 800 रुपये प्रतिमाह, स्नातक की छात्राओं को 1,250 रुपये प्रतिमाह तथा स्नातकोत्तर की छात्राओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
वहीं ‘निजुत बाबू’ योजना के अंतर्गत स्नातक के छात्रों को 1,000 रुपये प्रतिमाह तथा स्नातकोत्तर के छात्रों को 2,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान दोनों योजनाओं के आवेदन पत्र भी जारी करेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

