मुख्यमंत्री ने श्रीभूमि में बिहू दल पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दिया निर्देश
गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीभूमि में बिहू दल पर हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार काे तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्हाेंने घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि श्रीभूमि में बिहू दल पर हुए हमले की खबर ने मुझे गहराई से दुखी कर दिया है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। बिहू असम की आत्मा, हमारी गर्व और जातीय पहचान तथा समन्वय का भी एक प्रतीक है। हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और परंपरा के प्रति ऐसे अपमान को किसी कारण से सहन नहीं किया जाएगा। इस घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने के लिए मैंने असम पुलिस के महानिदेशक को निर्देश दे रहा हूं।
उल्लेखनीय है कि, श्रीभूमि कस्बे में दशमी के दिन हिंदुस्तान क्लब के मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान बिहू कलाकारों पर कथित हमले के बाद तनाव फैल गया। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में क्लब के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना कस्बे में क्लब के अंतिम मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हुई एक गलतफहमी की वजह से हुई। इस कार्यक्रम के तहत क्लब ने स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बिहू नृत्य का भी आयोजन किया था। पुलिस ने मूर्ति ले जाने में इस्तेमाल किए गए ट्रक, एक जनरेटर, साउंड सिस्टम के उपकरण और पूजा पंडाल में लगे कैमरे का सीपीयू को जब्त कर लिया है। कथित हमले और जांच के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

