home page

मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को लेकर खड़गे पर बरसे असम के मुख्यमंत्री

 | 
मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को लेकर खड़गे पर बरसे असम के मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लोगों का अपमान करना खड़गे के लिए कोई नई बात नहीं है।

मुख्यमंत्री सोमवार को आजारा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह माजिरगांव आंचलिक सार्वजनिक श्रीश्री लक्ष्मी पूजा के हीरक जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने 'निमेषिका' नामक स्मारिका का विमोचन भी किया।

जुबीन गर्ग मामले पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया

गायक जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने की मांग से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा मामला न्यायालय के विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जांच प्रक्रिया को बाधित करना चाहते हैं और न्यायपालिका को निशाना बनाकर बयान दे रहे हैं।

श्रीभूमि की घटना की निंदा

श्रीभूमि में बिहू दल पर कथित हमले की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरमा ने कहा कि बराक घाटी के लोगों और विभिन्न संगठनों ने भी इस घटना की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश