भूटान में हिमनद झील फटने के बाद धुबड़ी और कोकराझाड़ के संवेदनशील क्षेत्रों पर प्रशासन की नजर
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि भूटान में हिमनद झील फटने की घटना के संभावित प्रभाव को देखते हुए धुबड़ी और कोकराझाड़ जिलों के सभी संवेदनशील राजस्व क्षेत्रों की स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन की टीमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए सभी टीमें तैयार हैं।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने, प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने तथा स्थानीय अधिकारियों को सहयोग देने की अपील की।
भूटान में हिमनद झील फटने की घटना के बाद निचले इलाकों में नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन एहतियाती कदम उठा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

