नगांव उपचुनाव में अल्पसंख्यक समुदाय के और अधिक समर्थन का मुख्यमंत्री का दावा
गुवाहाटी, 22 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कहा कि राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग पहले से ही भाजपा का समर्थन करते रहे हैं और हाल के विधानसभा चुनाव में भी बड़ी संख्या में अल्पसंख्यकों ने भाजपा का समर्थन किया था।
नगांव विधानसभा उपचुनाव के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अल्पसंख्यक समुदाय से भाजपा को और अधिक समर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी अल्पसंख्यक मतदाताओं के एक हिस्से ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था।
सामागुड़ी में चुनावी हिंसा के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस क्षेत्र में लंबे समय से चुनावी हिंसा करती रही है। उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं भी रकीबुल हुसैन से जुड़े चुनावी हिंसा के मामले में पीड़ित रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि रकीबुल हुसैन के राजनीतिक प्रभुत्व के दौरान सामागुड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अपने ही दल के कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं पहले से होती रही हैं। उन्होंने सामागुड़ी में हाल में सामने आए चुनावी हिंसा के मामलों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ये बातें कहीं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

