home page

असम में पीएम-डिवाइन के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज

 | 
असम में पीएम-डिवाइन के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज


गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास पहल (पीएम-डिवाइन) के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं को अंतिम रूप देने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा तथा भवन विभागों की ओर से प्रस्तुत परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित भौगोलिक कवरेज सुनिश्चित करते हुए उच्च प्राथमिकता वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने परियोजनाओं की समय पर मंजूरी सुनिश्चित करने के लिए अवधारणा नोट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सड़कों और पुलों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालय एवं विद्यालय भवनों तथा कामकाजी महिलाओं के छात्रावासों जैसी महत्वपूर्ण बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित विभागों को पीएम-डिवाइन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए प्रस्तावित परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश