home page

606 करोड़ की आधुनिक पुलिस रिजर्व परियोजना की प्रगति की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

 | 
606 करोड़ की आधुनिक पुलिस रिजर्व परियोजना की प्रगति की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा


गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी के पलटन बाजार में निर्माणाधीन असम पुलिस रिजर्व की आधुनिक आधारभूत संरचना परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पुलिस राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के कार्य परिवेश, आवासीय सुविधाओं और उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

करीब 606 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस आधुनिक पुलिस रिजर्व परियोजना में 600 से अधिक पुलिस निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और जवानों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा परिसर में विद्यालय, मंदिर, नामघर तथा खेल मैदान जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पानबाजार में 42 पुलिस अधिकारियों के लिए एक अलग आवासीय भवन का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 तक पूरी हो जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश