मिशन सद्भावना 3.0 की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, जल्द होगा शुभारंभ
गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को लोक सेवा भवन में मिशन सद्भावना 3.0 की तैयारियों और कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। इसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी के माध्यम से शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ प्रशासनिक जटिलताओं को कम करना तथा जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि समीक्षा बैठक में पोर्टल की प्रस्तावित कार्यप्रणाली, मिशन सद्भावना 1.0 और 2.0 की तुलना में किए गए सुधारों तथा इसे अधिक नागरिक-अनुकूल, पारदर्शी और सुलभ बनाने के उपायों पर चर्चा की गई।
इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनता की कोई भी शिकायत या मांग अनुत्तरित न रहे तथा सरकारी फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन सद्भावना 3.0 को जल्द ही आम जनता के लिए शुरू किया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

