शरद पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दी राज्यवासियों को शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। राज्य में रास महोत्सव की शुरूआत को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज पवित्र शरद पूर्णिमा के अवसर पर सभी को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया फेसबुक पर एक वीडियो संदेश प्रेषित करते हुए कहा है, शरद ऋतु की मृदु चांदनी में धरती आध्यात्मिक सौंदर्य से झिलमिलाती है। श्रीकृष्ण की अपार महिमा और पवित्र रासलीला की स्मरण से भक्तिपूर्ण आनंद चारों ओर फैल जाता है। पवित्र शरद पूर्णिमा के अवसर पर सम्पूर्ण असमवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से सभी का जीवन प्रेम, शांति और आनंद से भर जाए।
ज्ञात हो कि पूरे राज्य में इन दिनों रास उत्सव का आयोजन हो रहा है। जिसमें मुख्य रूप से नदी द्वीप माजुली, नगांव, कामरूप, नलबाड़ी, बरपेटा आदि जिलों में नगर-नगर रास महोत्सव का आयोजन हो रहा है। निचले असम में जहां रास महोत्सव प्रतिमाओं के जरिए आयोजित हो रहा है तो वहीं, माजुली समेत ऊपरी असम के विभिन्न हिस्सों में जीवंत रास महोत्सव का आयोजन हो रहा है। जीवंत रास महोत्सव में युवक एवं युवतियां पिछले कई दिनों से रास मंचन के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर इन दिनों पूरे राज्य में धार्मिक वातावरण दिखाई दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

