असम के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित अरुणोदय लाभार्थियों की मदद के लिए लोगों की सराहना की
गुवाहाटी, 09 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि अरुणोदय योजना ने राज्य की लाखों माताओं और बहनों के चेहरों पर मुस्कान लाई है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अरुणोदय लाभार्थियों के लिए लोगों द्वारा किए गए योगदान की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गत 1 अगस्त को 37 लाख से अधिक अरुणोदय लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की राशि जमा की गई। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों में बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अतरिक्त 1250 रुपये का योगदान दिया गया।
उन्होंने कहा कि अपनी जरूरत के लिए मिलने वाली राशि में से संकटग्रस्त परिवारों की मदद के लिए किया गया यह योगदान कई बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए सहारा बना है।
डॉ. सरमा ने बाढ़ पीड़ित भाई-बहनों के प्रति इस संवेदनशीलता और उदारता के लिए अरुणोदय योजना की प्रत्येक लाभार्थी माता और बहन का आभार व्यक्त किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

