मुख्यमंत्री ने साहित्यकार नवकांत बरुवा को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 14 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को प्रख्यात असमिया साहित्यकार नवकांत बरुवा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और असमिया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि बचपन में बच्चों के साहित्य के माध्यम से नवकांत बरुवा की रचनाओं से उनका परिचय हुआ, जो समय के साथ गहरे साहित्यिक अनुराग में बदल गया। उन्होंने कहा कि बाल साहित्य, कविता, उपन्यास और गीतों सहित उनकी प्रत्येक रचना असमिया साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
डॉ. सरमा ने कहा कि नवकांत बरुवा की कालजयी साहित्यिक कृतियों और गीतों ने पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को चिंतन, संवेदना और सृजनशीलता की प्रेरणा दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि असमिया भाषा और साहित्य के आकाश में उनका योगदान सदैव उज्ज्वल बना रहेगा। उन्होंने पुण्यतिथि पर महान साहित्यकार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

