पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से वाजपेयी को भारतीय जनता पार्टी के परम पूज्य नेता और महान राष्ट्रनायक बताते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।
डॉ. सरमा ने कहा कि राष्ट्रसेवा के प्रति अटल बिहारी वाजपेयी की अटूट निष्ठा, समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों ने भारतीय राजनीति के इतिहास में एक अनूठा अध्याय रचा।
उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति के सबसे लोकप्रिय और महान नेताओं में शामिल वाजपेयी के विचार, आदर्श और देशभक्ति हमेशा देशहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के महान आदर्श और अमूल्य योगदान युगों-युगों तक प्रत्येक स्वाभिमानी भारतीय को प्रेरित करते रहेंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

