विधायकों को जानकारी दिए बिना क्षेत्रीय दौरे न करें मंत्री : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सभी मंत्रियों से अपने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के दौरे से पहले स्थानीय विधायकों को अनिवार्य रूप से सूचित करने की अपील की है। उन्होंने सरकार और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने 30 अक्टूबर को जारी एक पत्र में कहा कि कुछ मंत्रियों के क्षेत्रीय दौरों के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक हमेशा सूचित या शामिल नहीं किए जाते हैं।
उन्होंने इसे बेहतर प्रशासनिक परंपरा बताते हुए मंत्रियों को सलाह दी कि वे अपने दौरे से पहले संबंधित विधायकों को इसकी जानकारी दें। इसके अलावा, मंत्रियों की ओर से आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों और सरकारी समारोहों में संबंधित विधायकों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विभागीय बैठकों और आधिकारिक समीक्षा बैठकों में, जहां विधायकों की उपस्थिति अनिवार्य नहीं होती है, वहां भी शिष्टाचार के नाते उन्हें पहले से सूचित किया जा सकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस व्यवस्था से सरकार और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय मजबूत होगा तथा सरकारी कार्यक्रमों और आधिकारिक गतिविधियों का संचालन अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

