असम के मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से की मुलाकात
गुवाहाटी, 21 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान असम से जुड़े शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने बैठक को ‘बहुत उपयोगी’ बताते हुए कहा कि बातचीत में असम की शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा नवीकरणीय ऊर्जा से संबंधित प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। उन्होंने असम के प्रति सकारात्मक रुख और निरंतर सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि दूसरी बार लगातार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हिमंत बिस्व सरमा पहली बार उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे।
जोशी ने बताया कि बैठक में असम में समग्र शिक्षा योजना के क्रियान्वयन को और मजबूत तथा सुव्यवस्थित करने पर विशेष चर्चा हुई। इसके तहत शिक्षकों को निर्बाध वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दोनों नेताओं ने एसएनए-स्पर्श व्यवस्था के तहत धनराशि के सुचारू प्रवाह पर भी चर्चा की, ताकि शिक्षकों के वेतन का समय पर भुगतान हो सके और असम में गुणवत्तापूर्ण एवं समान स्कूली शिक्षा की व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। यह मुलाकात असम के विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

