असम के विकास रोडमैप को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिले मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 23 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राज्य के भविष्य के विकास और आर्थिक प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की। यह बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछले पांच वर्षों में असम को निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से राज्य में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि उन्होंने असम को मिले निरंतर सहयोग के लिए वित्त मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा आने वाले वर्षों में राज्य के विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा तथा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ केके द्विवेदी भी उपस्थित रहे।
सूत्रों के अनुसार, चर्चा के दौरान असम की आर्थिक वृद्धि, आधारभूत संरचना विस्तार और निवेश की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। राज्य सरकार वर्तमान में बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचना परियोजनाओं, औद्योगिक निवेश तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
बैठक में वित्तीय सहायता, विकास परियोजनाओं तथा भविष्य के निवेश अवसरों से संबंधित विषय भी प्रमुखता से उठाए गए। दोनों नेताओं ने राज्य में विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया।
पिछले कुछ वर्षों में असम में सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में बड़े निवेश हुए हैं। इसके साथ ही राज्य में व्यापार सुगमता बढ़ाने और निजी निवेश आकर्षित करने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चर्चा आने वाले वर्षों में असम के विकास की नई दिशा तय करने के उद्देश्य से की गई। राज्य सरकार असम को पूर्वोत्तर भारत के एक उभरते आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसमें आधारभूत संरचना, पर्यटन, सेमीकंडक्टर निर्माण, हरित ऊर्जा और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

