बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हिमंत बिस्व सरमा को भेंट की मधुबनी पेंटिंग
गुवाहाटी, 04 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बिहार और असम के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। असम में रहने वाला बिहारी समुदाय राज्य की अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देता आया है।
उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान मधुबनी चित्रकला की एक कलाकृति उपहार स्वरूप भेंट की।
सरमा ने इस उपहार के लिए सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मधुबनी चित्रकला मिथिला की जीवनशैली, परंपराओं और आध्यात्मिकता को रंगों एवं बारीक कलाकारी के माध्यम से जीवंत रूप प्रदान करती है। यह भारतीय लोक कला को विशिष्ट पहचान देती है।
उन्होंने कहा कि मधुबनी चित्रकला के रूप में मिला यह उपहार बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और असम के साथ उसकी आत्मीयता का सुंदर प्रतीक है।
सरमा ने कहा कि दोनों राज्यों की विकास यात्रा डबल इंजन की गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि आने वाले वर्षों में बिहार और असम समृद्धि के नए शिखरों को छुएं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

