home page

लाचित दिवस पर मुख्यमंत्री ने अहोम सेनापति लाचित बरफूकन को किया नमन

 | 
लाचित दिवस पर मुख्यमंत्री ने अहोम सेनापति लाचित बरफूकन को किया नमन


गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। लाचित दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने महान अहोम सेनापति लाचित बरफूकन को याद किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि वीरता, देशभक्ति और असम की शौर्य-वीरता का संयुक्त प्रतीक महान अहोम सेनापति लाचित बरफूकन हैं। लाचित दिवस के पवित्र मौके पर अहोम साम्राज्य के इस महान सेनानायक को हम नमन करते हैं।

उन्होंने कहा है कि सराईघाट की लड़ाई में मुगलों के खिलाफ असम की स्वतंत्रता और सम्प्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने जो अदम्य साहस, असाधारण नेतृत्व और दूरदर्शी रणनिति दिखाई, वह हमारी जाति के इतिहास में हमेशा सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा। वीर योद्धा की देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा न केवल असम को, बल्कि पूरे भारत को पीढ़ियों तक प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि महावीर की इस गौरवपूर्ण जीवन गाथा को देश के हर कोने तक पहुंचाने के उद्देश्य से हमारी सरकार ने विभिन्न कदम उठाए हैं। लाचित बरफूकन की 400वीं जयंती का राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन करने से लेकर जोरहाट में ऊंची मूर्ति और मैदान का निर्माण, विभिन्न राज्यों के स्कूलों के पाठ्यक्रम में उनकी वीरता की कहानी शामिल करने और 23 भारतीय भाषाओं में उनके जीवन आधारित ग्रंथ का अनुवाद कराने तक, हम उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान देने का प्रयास जारी रख रहे हैं।

लाचित बरफूकन केवल असम के इतिहास के एक वीर सेनापति ही नहीं हैं, वे हमारे राष्ट्रीय आत्मसम्मान, साहस और स्वाभिमान के चिरस्थायी प्रतीक हैं। उनके अमर आदर्श और वीरता की गाथा पीढ़ी दर पीढ़ी तक ले जाने के मामले में हम हमेशा जिम्मेदार रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय