धेमाजी से फिर शुरू हुई मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की जन आशीर्वाद यात्रा, लोगों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
धेमाजी, 05 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को धेमाजी जिले से एक बार फिर जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की। होली के कारण 3 और 4 मार्च को यात्रा को स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद अब चौथे दिन मुख्यमंत्री ने इसे पुनः आरंभ किया।
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री राज्यवासियों से आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त करने के उद्देश्य से यह यात्रा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री तय कार्यक्रम के अनुसार धेमाजी से सिसिबोर और जोनाई की ओर रवाना हुए।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और अपना समर्थन जताने के लिए बड़ी संख्या में लोग विभिन्न स्थानों पर सड़कों के किनारे एकत्रित दिखाई दिए। जैसे-जैसे मुख्यमंत्री का काफिला अलग-अलग इलाकों से गुजरता गया, जिले के कई स्थानों पर लोगों की भीड़ उमड़ती नजर आई। स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित इस जन आशीर्वाद यात्रा का उद्देश्य पूरे असम में जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और जनसमर्थन को और मजबूत बनाना है। धेमाजी जिले में यात्रा के इस चरण में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
इस यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया सहित पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता भी शमिल हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

