home page

(अपडेट) जन आशीर्वाद यात्रा में ज़बरदस्त भीड़,भाजपा का हौसला बढ़ा

 | 
(अपडेट) जन आशीर्वाद यात्रा में ज़बरदस्त भीड़,भाजपा का हौसला बढ़ा


-मुख्यमंत्री डॉ. सरमा धेमाजी, सिसिबरगांव और जोनाई में कर रहे बड़ी यात्रा

गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा गुरुवार को जन आशीर्वाद यात्रा के तहत धेमाजी, सिसिबरगांव और जोनाई विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे, जहां लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लोगों के उत्साह और समर्थन को अपने राजनीतिक जीवन की एक अविस्मरणीय और अभूतपूर्व घटना बताया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की यह जन आशीर्वाद यात्रा दो दिनों के विराम के बाद सुबनसिरी कॉलेज के खेल मैदान से शुरू हुई। यात्रा मैनापारा गांव से होकर सिसिबरगांव, गोगामुख शहर और सिमेनचापोरी जैसे क्षेत्रों से गुजरते हुए जोनाई में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री का स्वागत करने और उन्हें अपना आशीर्वाद देने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट आशीष भराली ने कहा कि 2026 के असम विधानसभा चुनावों से पहले इस यात्रा का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि हजारों लोग इस यात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री के प्रति अपना समर्थन और आभार व्यक्त कर रहे हैं।

भराली ने कहा कि लोग मुख्यमंत्री को आधुनिक असम के निर्माण का प्रमुख वास्तुकार मानते हैं, जिन्होंने राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यात्रा के दौरान असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया की मौजूदगी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने का काम किया।

आशीष भराली ने बताया कि धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट और तिनसुकिया जिलों के लोगों ने मुख्यमंत्री का दिल से स्वागत किया है। यह उत्साह केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी लोगों का भारी समर्थन देखने को मिल रहा है।

भराली के अनुसार, भाजपा सरकार के कार्यकाल में इन जिलों में कई सकारात्मक बदलाव हुए हैं। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, नागरिकों और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक सुधारों के जरिए राज्य के विकास को भी गति मिली है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर चलाए गए बेदखली अभियानों के माध्यम से हजारों बीघा कब्जाई गई जमीन को मुक्त कराकर अवैध कब्जेदारों से वापस लिया गया है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय