home page

असम में 14 ‘घुसपैठिए’ पकड़े गए, कार्रवाई शुरू: हिमंत

 | 
असम में 14 ‘घुसपैठिए’ पकड़े गए, कार्रवाई शुरू: हिमंत


गुवाहाटी, 01 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया है कि असम पुलिस ने 14 कथित घुसपैठियों को पकड़ा है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने पकड़े गए लोगों की पहचान, ऑपरेशन की जगहों या की गई कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

डॉ. सरमा ने बीती रात सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, हर दिन, जब घुसपैठिए असम में अपनी नापाक साजिशों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, तो हम उनके मंसूबों को नाकाम करते रहते हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, असम पुलिस ने ऐसे 14 घुसपैठियों को पकड़ा है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की गई है। असम सतर्क है।

यह ताज़ा घोषणा असम सरकार द्वारा अवैध आव्रजन और संदिग्ध विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच आई है। मुख्यमंत्री ने 30 जुलाई को भी असम पुलिस द्वारा 18 घुसपैठियों के पकड़े जाने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी।

ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने हाल ही में असम विधानसभा को बताया था कि पिछले 10 वर्षों में लगभग 2,100 अवैध विदेशियों को राज्य से डिपोर्ट किया गया, निकाला गया या वापस भेजा गया। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल लोगों में से 2,023 बांग्लादेश से थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय