home page

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

 | 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन


गोलाघाट (असम), 02 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को देरगांव स्थित लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी में राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि सम्मेलन के दौरान राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और पुलिस व्यवस्था को अधिक जनमुखी बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। पुलिस बल को अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा आने वाले दिनों में इन प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि म्यांमार और बांग्लादेश की सीमा से असम की भौगोलिक निकटता के कारण राज्य विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी के लिहाज से संवेदनशील है। इसलिए ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को और अधिक मजबूत तथा तेज करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों के खतरे को खत्म कर नई पीढ़ी के स्वस्थ भविष्य का निर्माण करना सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश