मुख्यमंत्री सरमा ने गुवाहाटी में कई युवा कल्याण, कौशल विकास योजनाओं का किया शुभारंभ
गुवाहाटी, 26 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को ज्योति विष्णु अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के मेधावी युवाओं और शोधार्थियों के शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाओं का औपचारिक शुभारंभ किया।
‘मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा’ योजना के तहत सरकारी शिक्षण संस्थानों से उत्तीर्ण 48,319 नव-स्नातकों को करियर निर्माण में सहयोग देने के लिए 12 महीनों तक प्रतिमाह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
‘मुख्यमंत्री जीवन अनुप्रेरणा’ योजना के अंतर्गत 13 दिव्यांगजनों तथा 2,112 शोधार्थियों को अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 25,000 रुपये से 40,000 रुपये तक की एकमुश्त सहायता दी जाएगी।
उच्च शिक्षा में ड्रॉपआउट दर को रोकने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री नियुत बाबू’ योजना के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के लगभग 47,395 विद्यार्थियों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
इसके अतिरिक्त ‘उद्योग 4.0’ पहल के अंतर्गत टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से 17 आईटीआई और 14 पॉलिटेक्निक संस्थानों में 31 आधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया, जिससे तकनीकी शिक्षा और उद्योगोन्मुख कौशल को सुदृढ़ किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य असम को कुशल कार्यबल का केंद्र बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी पहल राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ‘विकसित असम’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

