पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने 900 से अधिक पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को उन 900 से अधिक असम पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने आजादी के बाद से अपनी ड्यूटी के दौरान जान गंवाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा की बेहतर स्थिति और उग्रवाद तथा अपराध में आई कमी, इन्हीं पुलिसकर्मियों के बलिदान का नतीजा है।
पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर, मुख्यमंत्री ने इन पुलिसकर्मियों के सम्मान में 10वीं असम पुलिस बटालियन मुख्यालय में आयोजित समारोह में पुष्प चक्र अर्पित किया और राज्य के प्रति उनके साहस और सेवा को याद किया।
उन्हाेंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि असम की जनता की ओर से, मैंने उन 900 से अधिक असम पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुष्प चक्र अर्पित किया, जिन्होंने आजादी के बाद से 'आई असोमी' (अपनी मातृभूमि असम) के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों का योगदान राज्य की यादों में हमेशा बसा रहेगा और उन्होंने असम में कायम शांति को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने उग्रवाद और अपराध में आई कमी का भी जिक्र किया और कहा कि असम की सुरक्षा स्थिति में काफी सुधार हुआ है। कहा कि यह उन्हीं के बलिदान का परिणाम है कि आज असम में शांति है; यहां उग्रवाद लगभग खत्म हो चुका है और अपराध में भारी कमी आई है। हम इस शांति की रक्षा करेंगे, चाहे इसके लिए कुछ भी करना पड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा इस अवसर पर असम पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी सेवा और प्रतिबद्धता को सराहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

