home page

सीएम हिमंत बिस्व सरमा का सपना हुआ साकार, सिलचर नगर निगम चुनाव का रास्ता साफ

 | 

- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने सिलचर नगर निगम चुनाव की तारीख की घोषणा का किया स्वागत

गुवाहाटी, 02 सितंबर (हि.स.)। असम राज्य चुनाव आयोग द्वारा सिलचर नगर निगम के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित चुनाव की तारीख की घोषणा का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के असम प्रदेश अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद दिलीप सैकिया ने गर्मजोशी से स्वागत किया है।

पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट त्रिदीप मोरन द्वारा बुधवार काे जारी एक बयान में सैकिया ने कहा, सिलचर नगरपालिका को नगर निगम में अपग्रेड करना भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में से एक था। इस वादे को पूरा करके, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बराक घाटी के लोगों के लंबे समय से संजोए सपने को साकार किया है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री का हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर को होने वाले सिलचर नगर निगम के 42 वार्डों के चुनाव शहर के लोकतांत्रिक और नागरिक प्रशासनिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे। नगर निगम के गठन से सिलचर के लोगों को आधुनिक शहरी सुविधाओं तक पहुंच मिलेगी और लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रतिनिधियों के माध्यम से शहर के समग्र विकास में तेजी आएगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नवगठित नगर निगम नागरिक सेवाओं, स्वच्छता, सड़कों और कनेक्टिविटी, जल निकासी और सीवरेज, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइटिंग और अन्य बुनियादी ढांचे में सुधार को और गति देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक ऐसा नया माहौल बनेगा जिसमें नगर निगम का स्थानीय प्रशासन, राज्य सरकार की विकास-उन्मुख पहलों के साथ मिलकर काम करते हुए, नागरिकों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने में सक्षम होगा।

सैकिया ने कहा, विकास, सुशासन और जन-कल्याण मिलकर एक आधुनिक, स्वच्छ और आत्मनिर्भर सिलचर के निर्माण का आधार बनते हैं। यह चुनाव केवल नगरपालिका प्रतिनिधियों को चुनने की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है; यह सिलचर की भविष्य की शहरी योजना, नागरिक सुविधाओं और समग्र विकास को आकार देने का एक ऐतिहासिक अवसर है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सिलचर के लोगों से विकास और जन-कल्याण के हित में इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक और सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय