जुबीन क्षेत्र का निर्माण 2-3 महीने में शुरू होगा, दो साल तक वहां वाहन पार्किंग पर रोक : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 23 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि जुबीन गर्ग के परिवार द्वारा लिए गए फैसलों में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने बताया कि अगले दो-तीन महीनों के भीतर जुबीन क्षेत्र का निर्माण शुरू होगा और निर्माण अवधि के दौरान करीब डेढ़ से दो साल तक वहां किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी।
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने जुबीन गर्ग की रेंज रोवर कार की बिक्री से जुड़े सवाल पर यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग का परिवार जो भी फैसला लेता है, उस पर सरकार को कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जुबीन क्षेत्र का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है, इसलिए अगले डेढ़-दो वर्षों तक वहां वाहन पार्किंग संभव नहीं होगी।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली के द्वारका में नवनिर्मित असम हाउस के उद्घाटन की जानकारी देते हुए कहा कि चार मंजिला भवन में अतिथियों के लिए दो अत्याधुनिक वीआईपी कमरे बनाए गए हैं।
उन्होंने द्वारका के सेक्टर-17 में बड़े परिसर में चौथे असम भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा मुंबई, चेन्नई और वेल्लोर में भी नए असम भवन बनाए जाएंगे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

