बंगाईगांव में पांच जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
बंगाईगांव (असम), 05 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाईगांववासियों के लिए आज का दिन यादगार बन गया। क्योंकि आज दिन भर के कार्यक्रम के साथ असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बंगाईगांव में उपस्थित हुए।
मुख्यमंत्री ने साेमवार काे बंगाईगांव में 711 करोड़ की लागत से निर्मित नई एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय, बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज आदि सहित पांच जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन किया।
गुवाहाटी से हेलिकॉप्टर के जरिए बंगाईगांव पहुंचे डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सबसे पहले बंगाईगांव शहर के जेलकाझार में नई निर्मित एकीकृत बंगाईगांव जिला आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दाैरान उनके साथ असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री केशव महंत, बंगाईगांव जिला के संरक्षक मंत्री अश्विनी राय सरकार, बरपेटा के सांसद फणीभूषण चौधरी, विधायक दिप्तिमयी चौधरी और विधायक भूपेन राय मौजूद थे।
जिला आयुक्त भवन का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने बंगाईगांव चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल का आज औपचारिक रूप से उद्घाटन किया, जिसकी लागत लगभग 610 करोड़ रुपये आई, और इसे लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया।
फिर, बाद में बंगाईगांव चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए, उक्त सभास्थल से मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने वर्चुअल रूप से बंगाईगांव विसर्जन घाट पर निर्मित महाराज नरनारायण की 17 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया, तुलुंगा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श महाविद्यालय, बीरझरा चाय बागान में आदर्श माध्यमिक विद्यालय, अभयापुरी के कसारीगांव खोरागांव में आदर्श आवासीय विद्यालय और अभयापुरी के सृजनग्राम के रघुनाथ विग्रह मंदिर सत्र का शुभ उद्घाटन किया। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

