home page

पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुराम मेधी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सरमा ने दी श्रद्धांजलि

 | 
पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुराम मेधी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सरमा ने दी श्रद्धांजलि


गुवाहाटी, 21 जनवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुराम मेधी की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और असम के लिए उनके व्यापक योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि असम के दूसरे मुख्यमंत्री रहे विष्णुराम मेधी का राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने में अहम योगदान रहा। एक प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी के रूप में उन्होंने न केवल असम, बल्कि देश के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किया। मद्रास (वर्तमान तमिलनाडु) के राज्यपाल के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने असम की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने विष्णुराम मेधी को “लौह पुरुष” बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के भीतर चुनौतियों के बावजूद असम के हितों की मजबूती से रक्षा की। उन्होंने यह भी कहा कि मेधी ने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि असम की चिंताएं और विकासात्मक आकांक्षाएं सर्वोपरि रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विष्णुराम मेधी की विरासत आज भी असम के हितों की रक्षा और राज्य के समग्र विकास के लिए कार्य करने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश