home page

मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर तिनसुकिया रवाना

 | 
मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर तिनसुकिया रवाना


गुवाहाटी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा तिनसुकिया के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे, नगर निकाय से जुड़ी नई पहल शुरू करेंगे और सरकारी योजनाओं पर लोगों की राय जानने के लिए स्थानीय निवासियों से बातचीत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर बुधवार काे दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि तिनसुकिया जाते समय उन्होंने जिले में आए बदलावों पर अपने विचार लिखे। उन्होंने तिनसुकिया को असम के सबसे पूर्वी इलाकों में से एक बताया। कहा कि गुवाहाटी से लगभग 500 किलोमीटर पूर्व में स्थित यह जिला कभी उग्रवाद से प्रभावित था, लेकिन अब यह व्यापार और सामाजिक एकजुटता के केंद्र के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान कई शहरी विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें एक खेल का मैदान, सार्वजनिक पार्क, जल निकायों का कायाकल्प और नगर निकाय की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन शामिल है। उन्होंने 'स्वच्छ सर्वेक्षण' में तिनसुकिया के प्रदर्शन का भी जिक्र किया।

दौरे के दूसरे दिन, मुख्यमंत्री 1,000 सीटों वाले ऑडिटोरियम और अंतर-राज्यीय बस टर्मिनल के निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। वे जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की साइट का भी दौरा करेंगे। उम्मीद है कि इससे इस इलाके के साथ-साथ पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

इस दौरे में 'ऑटोक्लेव्ड एरेटेड कंक्रीट' (एएसी) ब्लॉक बनाने वाले एक प्लांट का उद्घाटन भी शामिल है। इससे रोजगार के अवसर पैदा होने और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके बाद सरमा 'मोरन स्पोर्ट्स कार्निवल' में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दोनों दिन स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे, ताकि सरकारी नीतियों पर सीधे उनकी राय जान सकें और उनकी चिंताओं को दूर कर सकें। जिले में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा है कि जो इलाका कभी हिंसा से प्रभावित था, वह अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय