home page

विकास की अगली बड़ी छलांग के लिए तैयार रहे राज्य : हिमंत बिस्व सरमा

 | 
विकास की अगली बड़ी छलांग के लिए तैयार रहे राज्य : हिमंत बिस्व सरमा


गुवाहाटी, 23 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे के बदलाव की प्रक्रिया जारी है और अब विकास की अगली बड़ी छलांग के लिए तैयार रहने का समय है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि असम के लोग राज्य में हो रहे बुनियादी ढांचे के परिवर्तन को अपनी आंखों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजमार्गों से लेकर अस्पतालों तक, घरों से लेकर पुलों तक विकास और बड़े बदलाव का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के पहले 100 से अधिक दिनों में हुए काम अभी केवल “ट्रेलर” हैं।

हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि सरकार ने हाल के 100 से अधिक दिनों में बुनकरों को सशक्त बनाने और असम के समृद्ध स्थानीय वस्त्र उद्योग को सहयोग देने के लिए कई कदम उठाए हैं। मूगा रेशम के निर्यात, हथकरघा उत्पादों की खरीद और बुनकरों के सशक्तीकरण के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा आत्मनिर्भर असम के निर्माण की दिशा में प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ असम की लड़ाई में साहसिक परिणाम सामने आए हैं। असम पुलिस के लगातार प्रयासों से प्राथमिकी दर्ज होने से लेकर आरोपपत्र दाखिल करने और आरोपपत्र से न्याय मिलने तक न्याय वितरण की प्रक्रिया अधिक मजबूत और तेज हुई है।

उन्होंने कहा कि अपराध के खिलाफ सरकार की लड़ाई जारी रहेगी और किसी भी परिस्थिति में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश