साेनारपुर सड़क हादसा : मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख अनुग्रह राशि देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की
गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को साेनारपुर में हुए दर्दनाक हादसे के घटनास्थल का दौरा किया और हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी तरह शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के समक्ष मामला उठाया गया है। एनएचएआई की जांच के साथ-साथ असम पुलिस ने भी घटना की व्यापक और निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में यदि कोई व्यक्ति लापरवाही या किसी अन्य गलती के लिए जिम्मेदार पाया जाता है तो उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की जान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के निकटतम परिजनों को पांच-पांच लाख की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

