home page

असम के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से की मुलाकात

 | 
असम के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से की मुलाकात


गुवाहाटी, 26 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास-शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों, बिजली ढांचे और शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में असम को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा उपभोक्ता हितैषी सुधारों को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ। केंद्रीय विद्युत उत्पादन केंद्रों से राज्य को आवंटित बिजली के अधिक तर्कसंगत उपयोग पर भी चर्चा हुई।

गुवाहाटी में बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भूमिगत केबल बिछाने के प्रस्ताव तथा बिजली उत्पादन में प्राकृतिक गैस के बेहतर उपयोग, उसकी उपलब्धता और कीमत से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हुई।

मुख्यमंत्री ने अर्बन चैलेंज फंड के तहत असम के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवा, खेल और जलवायु-लचीले बुनियादी ढांचे पर केंद्रित एकीकृत शहरी क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य है।

बैठक के बाद दोनों पक्षों ने असम में टिकाऊ, मजबूत और उपभोक्ता-केंद्रित ऊर्जा एवं शहरी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश