पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे-निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात कर पूसीरे (निर्माण) की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष, असम को 13,63,205 रुपये का चेक सौंपा। यह राशि जून और जुलाई, 2026 में राज्य में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रदान की गई। यह योगदान कठिन समय में इस क्षेत्र के लोगों की मदद करने के प्रति पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (निर्माण) की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया कि बुधवार को हुई मुलाकात के दौरान बातचीत में महाप्रबंधक ने मुख्यमंत्री को पूर्वोत्तर क्षेत्र में पूसीरे (निर्माण) द्वारा किए जा रहे विभिन्न रेल अवसंरचनात्मक परियोजनाओं और सर्वेक्षणों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रेल विकास की उन महत्वपूर्ण पहलों की प्रगति पर प्रकाश डाला, जिनका उद्देश्य कनेक्टिविटी को मजबूत करना, परिवहन संबंधी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना और क्षेत्रीय विकास में तेजी लाना है।
उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की, जिनके लिए राज्य सरकार के सहयोग और समर्थन की आवश्यकता है, ताकि रेलवे की अहम परियोजनाओं को समय पर और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। इनमें कुछ परियोजनाओं के निर्माण कार्य में बाधा डालने वाले अतिक्रमणों को हटाने में मदद करना, और साथ ही महत्वपूर्ण मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं जैसे लामडिंग-फरकाटिंग दोहरी लाइन परियोजना और कामाख्या-गुवाहाटी तीसरी लाइन परियोजना के लिए जमीन खाली कराने और अन्य संबंधित सहयोग प्रदान करना शामिल है।
बंसल ने प्रस्तावित कोकराझार-गेलेफू नई रेल लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु राज्य सरकार से सहयोग मांगा। यह परियोजना इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी पहल है।
इस बैठक में रेलवे और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग के महत्व पर जोर दिया गया, ताकि परियोजनाओं को लागू करने में आने वाली चुनौतियों से निपटा जा सके और रेलवे के प्रमुख बुनियादी ढांचा कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके। इस तरह के संयुक्त प्रयासों से रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी, परिवहन सुविधाओं में सुधार आएगाऔर असम तथा पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

