अर्जुन पुरस्कार विजेता भोगेश्वर बरुवा को मुख्यमंत्री ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 03 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को राज्य खेल दिवस के अवसर पर राज्य के दिग्गज खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भोगेश्वर बरुवा (86) को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में भोगेश्वर बरुआ को असम तथा पूर्वोत्तर के पहले अर्जुन पुरस्कार प्राप्तकर्ता के रूप में याद करते हुए उनके खेल योगदान को नमन् किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और असम के प्रत्येक क्षेत्र से खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि असम की लवलीना बरगोहाईं, हिमा दास, नयनमणि सैकिया, रियान पराग और उमा जैसी खेल प्रतिभाओं की सफलता की कहानियां आने वाले दिनों में और अधिक देखने को मिलें, इसके लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
गाैरतलब है कि, भोगेश्वर बरुआ भारत के पूर्व एथलीट, कोच और मिलिट्री ड्राइवर हैं। वे असम और पूर्वोत्तर भारत से अर्जुन पुरस्कार पाने वाले पहले व्यक्ति हैं। 1966 के एशियाई खेलों में उन्होंने 800 मीटर दौड़ 1:49.4 के समय में जीतकर खेलों का रिकॉर्ड बनाया। बाद में उन्होंने 1970 के एशियाई खेलों में भारतीय 4 x 400 मीटर रिले टीम के सदस्य के रूप में रजत पदक जीता , जिसने 3:11.9 का समय लिया।
शिवसागर में जन्मे और जॉयसागर तालाब के पास पले-बढ़े बरुआ 1960 में भारतीय सेना के इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियर्स कोर (ईएमई) में ड्राइवर के रूप में भर्ती हुए।
बरुआ ने 1963 में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहली उपस्थिति दर्ज की, जहां वे 4 x 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा थे जिसने अखिल भारतीय ओपन एथलेटिक्स मीट जीता। अगले वर्ष, उन्होंने श्रीलंका ओपन एथलेटिक्स मीट में 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ जीती । बरुआ ने 1966 और 1970 में एशियाई खेलों में भाग लिया और कई भारतीय खेल समितियों में अपनी सेवाएं दीं। वे हवलदार के पद से सेना से सेवानिवृत्त हुए और 1998 में अपनी सेवानिवृत्ति तक ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) में कार्यरत रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

