आकाशवाणी गुवाहाटी के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 01 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को आकाशवाणी गुवाहाटी के स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल एक संस्थान का नाम नहीं, बल्कि असम की संस्कृति और सामाजिक जीवन का एक अभिन्न अध्याय है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि स्थापना काल से ही आकाशवाणी गुवाहाटी ने असंख्य कलाकारों, साहित्यकारों, पत्रकारों और श्रोताओं के हृदय में विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित संस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने विश्वास व्यक्त किया कि आकाशवाणी गुवाहाटी आगे भी असमिया भाषा, साहित्य, संगीत और लोक-संस्कृति की समृद्ध विरासत को विश्व मंच तक पहुंचाती रहेगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उन्होंने स्थापना दिवस पर संस्था की निरंतर प्रगति और सफलता की कामना की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

