home page

विधानसभा सत्र के पहले दिन विधायक के रूप में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ली शपथ

 | 
विधानसभा सत्र के पहले दिन विधायक के रूप में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ली शपथ


गुवाहाटी, 21 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को 16वीं असम विधानसभा के नए सत्र के पहले दिन विधायक के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें प्रोटेम स्पीकर चंद्र मोहन पटवारी ने शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने असमिया भाषा में शपथ ली।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रोटेम स्पीकर ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बताया कि वे अपनी पसंद की किसी भी मान्यता प्राप्त भाषा में शपथ ले सकते हैं तथा शपथ की प्रति विधानसभा कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के बाद विभिन्न दलों के विधायकों ने असमिया, बांग्ला, बोडो और संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण की, जिससे राज्य की भाषाई विविधता की झलक देखने को मिली।

यह शपथ ग्रहण समारोह हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद आयोजित हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 126 सदस्यीय विधानसभा में कुल 102 सीटों पर जीत दर्ज की।

चुनाव में भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें हासिल कीं। विपक्ष में कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं। वहीं, राइजर दल ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएफ) और तृणमूल कांग्रेस को क्रमशः दो और एक सीट मिली।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश