home page

पूर्व मंत्री सिद्दीक अहमद के निधन पर मुख्यमंत्री सरमा ने जताया गहरा शोक

 | 
पूर्व मंत्री सिद्दीक अहमद के निधन पर मुख्यमंत्री सरमा ने जताया गहरा शोक


गुवाहाटी, 13 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और अपने लंबे समय के साथी सिद्दीक अहमद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिद्दीक अहमद एक जनप्रिय विधायक थे, जिन्होंने हमेशा लोगों के कल्याण को प्राथमिकता दी। मंत्री के रूप में भी उन्होंने अपने विभाग की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और परिपक्वता के साथ निर्वहन किया।

डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उनका और सिद्दीक अहमद का गहरा मित्रवत संबंध था। जीवन के कठिन दौर में दोनों एक-दूसरे के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि अहमद के निधन से श्रीभूमि के सामाजिक जीवन के साथ-साथ असम के प्रशासनिक क्षेत्र में भी गहरा शून्य पैदा हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सिद्दीक अहमद की पत्नी अनिमा और शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश