आज की स्थिति में कांग्रेस छह सनातनी सीटें भी नहीं जीत सकती : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 26 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में कांग्रेस राज्य की छह खिलंजिया (स्थानीय) सीटें भी जीतने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने विपक्षी दलों के संभावित गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह दावा किया।
मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार काे पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस और राइजर दल के बीच चल रहे मतभेदों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 90 प्रतिशत मतदाता मियां मुस्लिम समुदाय से हैं, उन्हीं सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच विवाद चल रहा है। उनका आरोप था कि कांग्रेस और राइजर दल का वोट बैंक मुख्य रूप से मियां मुस्लिम समुदाय है और दोनों दल उसी आधार पर राजनीति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमें भुला दिया है। उनका दावा था कि खिलंजिया, भारतीय और सनातनी मतदाता इस बार पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ खड़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत खिलंजिया, भारतीय और सनातनी लोग भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे।
विपक्षी गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार का गठजोड़ भाजपा के लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

