अगस्त माह असम के लोगों की कल्याणकारी यात्रा में एक नया अध्याय शुरू करेगा : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 29 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार काे अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों, अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगस्त माह असम के लोगों की कल्याणकारी यात्रा में एक नया अध्याय शुरू करेगा। राज्य के लाखों परिवारों, महिलाओं, छात्रों और हितधारकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं को नए उत्साह के साथ लागू किया जाएगा। इसी उद्देश्य से आज सभी जिलों के जिला आयुक्तों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में विभिन्न योजनाओं के सही, समयानुकूल और 100 प्रतिशत कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्य विषय—
एक अगस्त से अरुणोदय :
37.1 लाख बुजुर्ग महिलाओं-बहनों को 1,250 रुपये मिलेंगे। वहीं, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हितधारकों को 2,500 रुपये मिलेंगे। साथ ही योजना के सुचारू क्रियान्वयन के तहत अरुणोदय सहायकों को भी नियुक्त किया जाएगा।
निजुत मोइना और निजुत बाबू :
अगस्त महीने के पहले सप्ताह से निजुत मोइना और निजुत बाबू योजना के आवेदन पत्र वितरण शुरू होंगे। अक्टूबर महीने में 5 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को 300 करोड़ से अधिक रुपये की आर्थिक मदद प्रदान करने के लक्ष्य के साथ इन योजनाओं को लागू किया जाएगा, ताकि उनका शैक्षिक जीवन और मजबूत हो सके।
राज्य सहायता प्राप्त राशन सामग्री :
10 अगस्त से 70 लाख से अधिक पात्र लाभार्थियों के लिए राशन कार्ड के बदले केवल 100 रुपये में मुफ्त राशन के साथ-साथ 1 किलो मसूर दाल और 1 किलो चीनी भी प्रदान करने की व्यवस्था फिर से शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारी प्राथमिकता स्पष्ट है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं की सुविधाओं को समय पर, पारदर्शी रूप से और बिना किसी कठिनाई के पहुंचाना। जनता के कल्याण और विकास की इस यात्रा में राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

