home page

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, एपीडीसीएल कर्मियों की मुख्यमंत्री ने की सराहना

 | 
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, एपीडीसीएल कर्मियों की मुख्यमंत्री ने की सराहना


गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। असम में आई प्रलयंकारी बाढ़ के चलते घर-बार, खेती-पथार, इंसानों के साथ ही मूलभूत संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा है। आधुनिक युग में विद्युत का महत्व इंसानी जीवन में काफी बढ़ गया है। बाढ़ ने खासकर उपरी असम के शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट एवं गोलाघाट जिलों में काफी प्रभाव डाला है। जिसके चलते विद्युत की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गयी है।

बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए जहां सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर मदद पहुंचाने का कार्य जारी है, वहीं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बहाल करने के लिए भी संबंधित विभाग चौबीसों घंटे काम कर रहा है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने विद्युत आपूर्ति बहाल करने के कार्य में जुटे एपीडीसीएल के कर्मचारियों के कदम की सराहना की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर गुरुवार काे एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि इस कठिन समय में आम जनता के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बाढ़ प्रभावित कई क्षेत्रों में एहतियाती उपाय के तौर पर अस्थायी रूप से बिजली सप्लाई बंद रखी गई थी। अब जैसे ही पानी सूखना शुरू हुआ, असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एपीडीसीएल) के बिजली योद्धाओं ने दिन-रात एक करके क्षतिग्रस्त खंभे, विद्युत लाइन, ट्रांसफॉर्मर और अन्य नेटवर्क को युद्धकालीन तत्परता के साथ मरम्मत पूरी की है।

उन्होंने कहा है कि व्यापक सुरक्षा जांच के बाद बाढ़ प्रभावित लगभग सभी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति तेजी से सामान्य रूप से बहाल कर दी गई है। हजारों परिवारों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं में फिर से रोशनी लौटाने का यह चुपचाप लेकिन असाधारण जिम्मेदारी निभाने वाले हर बिजली योद्धा को मेरी ओर से हार्दिक धन्यवाद।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय