home page

एमएमयूए के तहत बोकाजन में 16,395 महिला उद्यमियों को बीज पूंजी वितरित

 | 
एमएमयूए के तहत बोकाजन में 16,395 महिला उद्यमियों को बीज पूंजी वितरित


कार्बी आंगलोंग (असम), 24 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कार्बी आंगलोंग जिला के बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान (एमएमयूए) के अंतर्गत 16,395 महिला उद्यमियों को 10-10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की।

यह पहल राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत अब तक राज्य के 115 विधानसभा क्षेत्रों में 28.61 लाख से अधिक महिला लाभार्थियों को सशक्त किया जा चुका है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ होती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार मजबूत होते हैं और समाज अधिक सक्षम एवं समृद्ध बनता है।

एमएमयूए के तहत दी जा रही बीज पूंजी राज्य सरकार के उस व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहन देना और स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करना है। बोकाजन का यह कार्यक्रम असम में महिला सशक्तिकरण अभियान को मिल रही गति को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश