प्रधानमंत्री मोदी का असम के साथ संबंध आत्मीय और गहरा: मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का असम के साथ संबंध आत्मीय और गहरा है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश-विदेश में असम के पारंपरिक गमछा को सम्मान के साथ धारण कर राज्य को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम की यात्राओं के मामले में भी एक रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री की प्रत्येक असम यात्रा राज्य के लिए नई उम्मीद और संभावनाओं का संदेश लेकर आई है। असम के लिए स्वीकृत विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को उन्होंने प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
एक अन्य पोस्ट में डॉ. सरमा ने प्रधानमंत्री को नए भारत के निर्माण की दिशा में काम करने वाला विश्व नेता बताते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से गुजरात से लेकर देशभर में जनसेवा के प्रति समर्पित रहते हुए उन्होंने अंत्योदय और मजबूत भारत के निर्माण का संकल्प आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम और पूरे पूर्वोत्तर के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने संपर्क व्यवस्था में सुधार, औद्योगिक विकास, लाचित बरफूकन की वीरता को वैश्विक मंच पर उजागर करने तथा चराइदेव के मैदाम को यूनेस्को विश्व धरोहर का दर्जा मिलने का उल्लेख किया।
सरमा ने कहा कि असम की चुनौतियों के समय प्रधानमंत्री का सहयोग और मार्गदर्शन राज्य को जनसेवा के लिए और मजबूती से आगे बढ़ने का साहस देता रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव से उनके अच्छे स्वास्थ्य, मनोबल और दीर्घायु की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

