राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों को सराहा
गुवाहाटी, 23 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को अंतरिक्ष अनुसंधान और अन्वेषण के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों की सराहना करते हुए चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता को देश की वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रगति का महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने चंद्रयान-3 की सफलता में योगदान देने वाले वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के असाधारण योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 जैसी उपलब्धियों ने वैश्विक अंतरिक्ष मानचित्र पर भारत की क्षमताओं को एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की ऐसी सफलताएं देश के युवा वर्ग को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

