नासा के गोडार्ड स्पेस फ्लाइट सेंटर में शोध का अवसर के लिए मुख्यमंत्री ने दी बधाई
गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को बजाली के प्रतिभाशाली बेटे डॉ. दीपज्योति पाटगिरी को विश्व प्रसिद्ध नासा के गोडार्ड स्पेस फ्लाइट सेंटर में शोध का अवसर मिलने पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि डॉ. पाटगिरी की यह उपलब्धि पूरे असम के लिए खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि असमिया माध्यम के विद्यालय से अपनी शिक्षा की शुरुआत करने वाले डॉ. पाटगिरी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर यह साबित किया है कि सपनों को पूरा करने की राह में शिक्षा का माध्यम कभी बाधा नहीं बन सकता।
डॉ. सरमा ने डॉ. पाटगिरी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी यह सफलता असम के युवाओं को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी और वैश्विक वैज्ञानिक मंच पर राज्य का नाम और रोशन करेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

