मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने गुवाहाटी हवाई अड्डे के पास 101वें जिंजर होटल का किया उद्घाटन
गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को गुवाहाटी हवाई अड्डे के पास जिंजर होटल की नई इकाई का उद्घाटन किया। यह जिंजर होटल श्रृंखला का 101वां होटल है। राज्य सरकार हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र को ‘एरोसिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है, ताकि यात्रियों को ठहरने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर होटल के उद्घाटन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह होटल गुवाहाटी एरोसिटी को गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा वाले केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा, “गुवाहाटी में 101वें जिंजर होटल का खुलना खुशी की बात है। यह एरोसिटी को उच्च गुणवत्ता वाले ठहरने के केंद्र के रूप में विकसित करने के हमारे प्रयासों का एक हिस्सा है।”
उन्होंने इसे किफायती दरों पर बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और होटल की टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
गुवाहाटी हवाई अड्डे के पास इस नए होटल के खुलने से शहर आने वाले हवाई यात्रियों और पर्यटकों को ठहरने के लिए एक और विकल्प मिलने की उम्मीद है। इससे उन यात्रियों को भी सुविधा होगी, जिन्हें उड़ान से पहले या बाद में हवाई अड्डे के आसपास ठहरने की जरूरत होती है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

