गौरव गोगोई के ‘पाकिस्तान कनेक्शन’ पर 8 फरवरी को होंगे बड़े खुलासे : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 05 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को दावा किया कि 8 फरवरी को कांग्रेस नेता गौरव गोगोई से जुड़े “महाविस्फोटक तथ्य” सार्वजनिक किए जाएंगे। मुख्यमंत्री गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बड़े खुलासे में अब केवल दो दिन शेष हैं।
डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई का पाकिस्तान से संबंध रहा है और वे आईएसआई के आमंत्रण पर पाकिस्तान गए थे। गौरव गोगोई अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश किए थे और लगभग 15 दिनों तक वहां रहे। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह यात्रा कथित तौर पर प्रशिक्षण के उद्देश्य से की गई थी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ ने पाकिस्तान की कुल 19 यात्राएं की हैं और उनका बैंक खाता आज भी पाकिस्तान में सक्रिय है। उन्हाेंने यह भी आरोप लगाया कि एलिजाबेथ भारतीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियों के संग्रह में शामिल रही हैं और उनका संपर्क पाकिस्तान सेना के साथ था।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि आने वाले दिनों में और भी “खतरनाक व चौंकाने वाली जानकारी” सामने लाई जाएगी। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी प्रकार के दस्तावेजी सबूत प्रस्तुत नहीं किए और कहा कि विस्तृत जानकारी 8 फरवरी को दी जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

