असमः लूटुमाई और बोरपानी संरक्षित वनक्षेत्र में 530 हेक्टेयर वनभूमि अवैध कब्जे हुई मुक्त- मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। असम में राज्य सरकार की ओर से अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध समय-समय पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगांव वन मंडल के दो इलाकों में वन विभाग एवं जिला प्रशासन के द्वारा चलाए गये अभियान के तहत लगभग 530 हेक्टेयर वनभूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बीती रात सोशल मीडिया फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया के बाद नगांव वन मंडल के लूटुमाई और बोरपानी संरक्षित वनक्षेत्र में दूसरे चरण का बेदखली अभियान सफलतापूर्वक पूरा करके 530 हेक्टेयर वनभूमि को अवैध कब्जे से मुक्त किया गया है। ज्ञात हो कि यह अभियान वन विभाग के द्वारा बुधवार की सुबह से आरंभ होकर देर शाम तक चला था।
मुख्यमंत्री ने बताया है कि पहले और दूसरे चरण के अभियान में कुल 1,200 हेक्टेयर वनभूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करने की ये सफलता वन्यजीवों, खासकर हाथियों के विचरण और आवास संरक्षण के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
डॉ. सरमा ने कहा है कि वनभूमि सुरक्षित होगी तभी वन्यजीव और हमारा प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित होंगे। असम के वनक्षेत्रों को कब्जा मुक्त कर संरक्षण का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

