असम बाढ़ः सेना के ऑपरेशन जल राहत की मुख्यमंत्री ने की प्रशंसा
गुवाहाटी, 25 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ की स्थिति बेहद डरावनी बनी हुई है। सबसे अधिक आपदा ऊपरी असम के शिवसागर, चराईदेव एवं जोरहाट जिले में आई है। राहत एवं बचाव कार्य में सरकार के साथ ही विभिन्न एजेंसियां जुटी हुई हैं। इसमें भारतीय सेना भी लोगों की मदद के लिए अभियान चला रही है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए भारतीय सेना की जमकर तारीफ की है।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा है कि ऑपरेशन जल राहत—साहस, सेवा और मानवता का एक अद्वितीय उदाहरण।
उन्होंने कहा है कि उत्तर असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भारतीय सेना के रेड शील्ड डिवीजन के जवानों ने 'ऑपरेशन जल राहत' के जरिए लगातार बचाव, मदद और पुनर्वास का काम किया है। हजारों लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही, उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए समय पर भोजन, पानी, चिकित्सा सेवा और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराए। सेना की इंजीनियरिंग टीमों ने भी अलग-थलग पड़े इलाकों में संपर्क बहाल करने में असैनिक प्रशासन की मदद की।
इस कठिन समय में भारतीय सेना, असैनिक प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सभी संबंधित संगठनों के साहस, समन्वय और समर्पित सेवा के लिए दिल से सभी का धन्यवाद।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

