home page

असम के मुख्यमंत्री ने 2029 तक ड्रग्स की समस्या को जड़ से खत्म करने का लिया संकल्प

 | 
असम के मुख्यमंत्री ने 2029 तक ड्रग्स की समस्या को जड़ से खत्म करने का लिया संकल्प


गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने आज कहा कि ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि 2029 तक इस समस्या को पूरी तरह खत्म नहीं कर दिया जाता। उन्होंने 'ऑपरेशन ट्राइडेंट' के तहत हाल ही में कई राज्यों में की गई छापेमारी को अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के लिए एक बड़ा झटका बताया।

डॉ. सरमा ने बताया कि असम, मणिपुर और मिजोरम में चलाए गए इस ऑपरेशन से पूरे क्षेत्र में चल रहे ड्रग्स और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने पूर्वोत्तर में 'नशा मुक्त भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की प्रतिबद्धता को दोहराया।

डॉ. सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के लिए एक बड़ा झटका है! उन्होंने आगे बताया कि 'ऑपरेशन ट्राइडेंट' के जरिए ड्रग्स और हवाला के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बताया है कि एजेंसियों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 जगहों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 1,424 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया।

शाह ने इस ऑपरेशन की तारीफ की। शुक्रवार को चलाए गए इस अभियान का मकसद भारत, म्यांमार और बांग्लादेश में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल को खत्म करना था। शाह ने कहा, भारत तब तक प्रहार करता रहेगा, जब तक कि ड्रग कार्टेल के ताबूत में आखिरी कील नहीं ठोक दी जाती।

केंद्रीय गृह मंत्री के अनुसार, यह नेटवर्क भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं के पार नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए 'डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर' का इस्तेमाल करता था। इस ऑपरेशन का निशाना सीमा पार ड्रग तस्करी का नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय संबंध थे। इस कार्रवाई के तहत बैंक खातों को फ्रीज करना एक अहम हिस्सा रहा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय