असम में 439 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, दो लाख सरकारी नौकरियों के लक्ष्य की ओर कदम
गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को राज्य के चार विभागों में विभिन्न पदों पर चयनित 439 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 2026 के विधानसभा चुनाव में दो लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। मुख्यमंत्री के दूसरे कार्यकाल और राज्य की एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल में यह पहला नियुक्ति कार्यक्रम है।
गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के श्रीश्री दामोदरदेव अंतरराष्ट्रीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जल संसाधन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, श्रम कल्याण और सहकारिता विभागों के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें असम कोऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड में चयनित अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में असम में 1,65,310 शिक्षित युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सामान्य परिवारों के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अवसर बढ़ा है।
कलिता ने दावा किया कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, बिचौलियों और धन के लेन-देन की व्यवस्था को समाप्त कर योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां सुनिश्चित की हैं। उन्होंने कहा कि पहले एक लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल में ही 1.65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब दो लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है। भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष पर युवाओं की आकांक्षाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप भी लगाया।
कलिता ने सिलचर नगर निगम और नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए दावा किया कि ये परिणाम राज्य सरकार की विकास नीतियों के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य के विकास कार्यों में सभी आयु वर्ग के लोग, विशेषकर युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाता, भागीदारी कर रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

